नीट पेपर लीक मामला: गोपालगंज में हाई अलर्ट, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

देश भर में तूल पकड़ चुके नीट पेपर लीक मामले की आंच अब गोपालगंज तक पहुँच चुकी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 23, 2026, 8:13:00 PM

देश भर में तूल पकड़ चुके नीट पेपर लीक मामले की आंच अब गोपालगंज तक पहुँच चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर चौकसी बढ़ा दी गई है। शहर में किसी भी अनहोनी या उग्र प्रदर्शन से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। एसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को अपने-अपने इलाकों में पैनी नजर रखने और गश्त तेज करने का कड़ा निर्देश दिया है।

इधर, नीट पेपर लीक को लेकर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों का आक्रोश चरम पर है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के वरिष्ठ नेता अजातशत्रु ने केंद्र सरकार को सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसको लेकर 25 जुलाई को गोपालगंज में एक विशाल आंदोलन किया जाएगा। छात्रों के भविष्य के साथ हुआ यह खिलवाड़ देश का सबसे बड़ा घोटाला है। जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, हमारा आंदोलन थमेगा नहीं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश भर के छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। पटना, कटिहार, दरभंगा से लेकर दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर तक छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। देश के प्रमुख राज्यों और शैक्षणिक केंद्रों में छात्र संगठन लगातार नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं। 25 जुलाई को गोपालगंज में होने वाले संभावित आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट