भोरे/गोपालगंज: भोरे स्थित श्लोका इंटरनेशनल सीबीएसई स्कूल में शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र पर कुल 503 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से 79 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की जांच में 40 से अधिक परीक्षार्थियों की जन्मतिथि में अंतर पाया गया। आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि और प्रवेश पत्र में अंकित जन्मतिथि अलग-अलग होने के कारण संबंधित परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। इसको लेकर कई छात्र और अभिभावक निराश नजर आए।
परीक्षा सुबह 11:15 बजे शुरू हुई और निर्धारित दो घंटे की अवधि पूरी होने के बाद शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षार्थियों की तलाशी और पहचान सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
वहीं, परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्र के बाहर अभिभावकों की भारी भीड़ जुट गई थी। अभिभावक अपने बच्चों को परीक्षा दिलाने पहुंचे थे और परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र के बाहर इंतजार करते रहे।
केंद्र प्रशासन की ओर से परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी। पूरी परीक्षा के दौरान कहीं से भी कदाचार या किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।