बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान को अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
DM ने सभी संबंधित विभागों और नगर निकायों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता कार्यक्रमों में कोई कोर-कसर न छोड़ी जाए और यह अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।
दीपावली और छठ घाटों पर होगा विशेष प्रचार-प्रसार
आगामी दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि छठ घाटों सहित सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशामुक्ति का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंच सके।
अब तक 13,561 लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ
27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक संचालित हो रहे इस एक महीने के अभियान के तहत अब तक उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है विभिन्न विभागों के माध्यम से अब तक 13,561 लोग नशामुक्ति की शपथ ले चुके हैं।
नगर निकायों का प्रयास:
निकायों द्वारा 70 कार्यक्रमों में जिंगल्स का प्रसारण, 14 नुक्कड़ नाटक, 199 स्थानों पर होर्डिंग और 53 स्थानों पर सेल्फी स्टैंड लगाए गए हैं।10 स्थानों पर एलईडी वैन के जरिए प्रचार किया गया है। मीरगंज, गोपालगंज और बरौली नगर परिषद क्षेत्रों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विभिन्न संगठनों की सहभागिता से चल रहा जन-जागरण
अभियान को सफल बनाने में सामाजिक और प्रशासनिक इकाइयां मिलकर काम कर रही हैं:जिसमे जीविका दीदियाँ और ब्रह्माकुमारी बहनें: संवाद, संगीत, रैलियों और शपथ कार्यक्रमों के जरिए शराब और सूखे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर रही हैं।वही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
बैठक के अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों को अभियान के अंतिम दिन तक सभी गतिविधियां प्रभावी ढंग से चलाने तथा त्योहारों के दौरान जागरूकता प्रयासों को और अधिक तीव्र करने का निर्देश दिया। इस उच्चस्तरीय बैठक में मद्य निषेध अधीक्षक अमृतेश कुमार, गोपालगंज एवं हथुआ के अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट