पंचदेवरी (गोपालगंज)। कटेया थाना क्षेत्र के सिधरिया गांव के समीप मंगलवार को जमुनहा-पंचदेवरी मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में एक नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक मछली मारने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आशंका जताई जा रही है कि नवजात के शव को कहीं अन्य स्थान से लाकर झाड़ियों में फेंका गया था।
ग्रामीणों की सूचना पर कटेया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आवश्यक छानबीन के बाद अपनी देखरेख में नवजात के शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
इस हृदयविदारक घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आखिर किस परिस्थिति में नवजात को झाड़ियों में फेंका गया, यह सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
पंचदेवरी (गोपालगंज) से शंकर जी की रिपोर्ट