फुलवरिया के रामपुर कला में पेट्रोल छिड़ककर आवासीय बथान फूंका, 50 हजार की संपत्ति खाक

फुलवरिया थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में रात्रि करीब डेढ़ बजे असामाजिक तत्वों ने एक आवासीय बथान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस अगलगी में करीब पचास हजार रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

फुलवरिया (गोपालगंज) : फुलवरिया थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में रात्रि करीब डेढ़ बजे असामाजिक तत्वों ने एक आवासीय बथान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में बथान के अंदर रखा साइकिल, तीन बोरा गेहूं, चारपाई, बिछावन, कंबल और कुर्ता-पायजामा में रखे पांच हजार रुपए नकद सहित मवेशियों का चारा जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार, इस अगलगी में करीब पचास हजार रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पीड़िता ने थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही 6 नामजद और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की गुहार लगाई है

घटना को लेकर पीड़ित दुखहरन चौधरी ने फुलवरिया थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही छह नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि आग की लपटें देख जब वे बथान से बाहर निकले, तो देखा कि पड़ोसी के हाथ में गैलन था और अन्य आरोपित लाठी-डंडे से लैस थे। शोर मचाने पर ग्रामीणों को जुटता देख सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। 

ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

फुलवरिया (गोपालगंज) से संदीप कुमार की रिपोर्ट