फुलवरिया में 148.480 लीटर देशी-विदेशी शराब के साथ 2 लग्जरी कार जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

फुलवरिया थाने की पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेलार कला हजारी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान दो लग्जरी कार से 148.480 लीटर देशी विदेशी शराब बरामद की है।

फुलवरिया (गोपालगंज) : फुलवरिया थाने की पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेलार कला हजारी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान दो लग्जरी कार से 148.480 लीटर देशी विदेशी शराब बरामद की है। मौके से दो शराब तस्करों को दबोच लिया गया। जबकि तस्करी में इस्तेमाल दोनों कार को जब्त कर लिया गया। 

पुलिस टीम सेलार कला हजारी मोड़ के पास नियमित वाहन जांच कर रही थी - फुलवरिया SHO

फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सेलार कला हजारी मोड़ के पास नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध लग्जरी कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहनों के भीतर से भारी मात्रा में देशी विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त विदेशी शराब कि मात्रा 60.480 लीटर और देशी शराब की मात्रा 88 लिटर बताई जा रही है। 

गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रमोद और तेज के रूप में हुई है

गिरफ्तार तस्करों की पहचान उचका गांव थाना क्षेत्र के बैरिया ठकुराइ गांव निवासी प्रमोद कुमार राम और भोरे थाना व गांव निवासी तेज प्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में तस्करों ने शराब की इस खेप को खपाने की योजना की बात स्वीकार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्कर और जब्त कार के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट