टावर पर चढ़ा प्यार: प्रेमी की बेवफाई से नाराज प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ गई, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बिहार के गोपालगंज से प्रेम प्रसंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां प्रेमी की बेवफाई से नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी की मांग करने लगी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 20, 2026, 1:28:00 PM

बिहार के गोपालगंज से प्रेम प्रसंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां प्रेमी की बेवफाई से नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी की मांग करने लगी। पंचायत में शादी की बात नहीं बनने से नाराज एक युवती अपनी जान जोखिम में डालते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी करवाने की गुहार लगाती रही।  मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। 

जिले के माझा थाना क्षेत्र के जनटोली गांव का यह मामला है। जहां एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।  टावर पर चढ़ी युवती ने अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग कर रही थी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।  बताया जा रहा है कि बैकुंठपुर की रहने वाली सिंधु कुमारी का पिछले एक साल से जनटोली गांव निवासी अमरजीत कुमार के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वालों की सहमति नहीं मिलने से मामला लगातार उलझता गया। 

दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की असहमति के कारण कई बार पंचायत होने के बावजूद मामला सुलझ नहीं सका। रिश्ते को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी बुलाई गई। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल में कई दौर की पंचायतें हुईं, लेकिन हर बार मामला अधूरा रह गया। आरोप है कि लड़का पक्ष किसी न किसी कारण से पीछे हट जाता था। परिवार और पंचायत से निराश युवती आहत होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई और इंसाफ की मांग करने लगी। 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस तथा गांव के प्रबुद्ध लोग युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करते रहे। साथ ही लड़का पक्ष को भी मौके पर बुलाने की कोशिश की जा रही है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों परिवारों से बातचीत जारी है। 

प्रेम प्रसंग में पंचायत से समाधान नहीं निकलने के बाद युवती का मोबाइल टावर पर चढ़ना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।  फिलहाल पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों का कहना है कि एक साल तक चले प्रेम संबंध और बार-बार पंचायत के बावजूद जब समाधान नहीं निकला, तो युवती ने ऐसा कदम उठाया।