फुलवरिया में तेंदुए का आतंक, सेमरबारी में बछड़े को बनाया शिकार, अकेले बाहर न निकलें

गोपालगंज (फुलवरिया): प्रखंड के सेमरबारी गांव में देर रात एक तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

गोपालगंज (फुलवरिया): प्रखंड के सेमरबारी गांव में देर रात एक तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। तेंदुए ने गांव के निवासी सत्येंद्र सिंह की गाय के बछड़े को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में भारी चिंता देखी जा रही है।

पंजों के निशान मिलने से तेंदुए की पुष्टि

सुबह जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले, तो उन्होंने सत्येंद्र सिंह के घर के आसपास और खेतों में वन्यजीव के बड़े पंजों के निशान देखे। पंजों के निशान मिलने के बाद इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए विभाग द्वारा आवश्यक रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है।

झरही नदी के किनारे तलाशी अभियान की तैयारी..

वन विभाग और ग्रामीणों के अनुमान के मुताबिक, तेंदुआ शिकार करने के बाद पास से गुजरने वाली झरही नदी के किनारे घनी झाड़ियों में छिपा हो सकता है। वन विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर पैनी नजर बनाए हुए है और नदी के आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

प्रशासन ने जारी की एडवायजरी, सतर्क रहने की अपील..

तेंदुए की दस्तक के बाद से सेमरबारी और उसके आसपास के गांवों के किसान बेहद डरे हुए हैं और खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है।

अकेले बाहर न निकलें: 

ग्रामीण खासकर सुबह और शाम के समय अकेले सुनसान या झाड़ियों वाले स्थानों पर जाने से बचें।

समूह में रहें: 

यदि खेतों की तरफ जाना जरूरी हो, तो लाठी-डंडे के साथ समूह में ही जाएं।

तुरंत सूचना दें: 

किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल या वन्यजीव दिखने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित करें।

वन विभाग का संदेश: 

प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। ग्रामीणों से अनुरोध है कि वे पैनिक न करें, बल्कि सतर्क रहें और विभाग की टीम को उनका काम करने में सहयोग दें।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट