फुलवरिया/गोपालगंज: प्रखंड के संग्रामपुर गोपाल स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परिसर में बुधवार को छात्र-छात्राओं के बीच एक आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने अलग-अलग टोलियां बनाकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद 11वीं कक्षा की छात्राओं के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता अपने नाम किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक बसंत कुमार गुप्ता, विज्ञान शिक्षक मनोरंजन बर्मन, संस्कृत अध्यापक निरंजन पांडे, तथा शिक्षक गोल्डी कुमारी, आरती कुमारी, बबिता पांडे, सरवर इमाम अंसारी और मनीष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य शिक्षक संयुक्त रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में निरूपा कुमारी, रंजन कुमारी, काजल कुमारी, राधा, आराध्या, गायत्री के साथ-साथ मनीष कुमार, पुनीत कुमार और गयासुद्दीन सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे। शिक्षकों ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फुलवरिया/गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट