गोपालगंज जिले में पासपोर्ट पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली और मानमानी करना भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार को भारी पड़ गया। एक रिटायर होमगार्ड जवान के बेटे से रिश्वत मांगने और मना करने पर फर्जी रिपोर्ट लगाने के आरोप में गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भोरे थाना क्षेत्र के दुबे जीगना गांव निवासी और रिटायर होमगार्ड जवान बिकाऊ राम के पुत्र सुजय कुमार ने अपने पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था। पीड़ित सुजय कुमार का कहना है कि पुराने मामले में कोर्ट से फैसला आ जाने के बावजूद, पासपोर्ट वेरिफिकेशन क्लियर करने के नाम पर अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने उन्हें थाने बुलाकर रुपयों की मांग की। जब सुजय ने रिश्वत देने से साफ इनकार कर दिया, तो एसआई ने रंजिश में आकर उनके पासपोर्ट वेरिफिकेशन रिपोर्ट में केस पेंडिंग रिपोर्ट लगाकर सबमिट कर दी।
पुलिस अफसर की इस मनमानी से परेशान होकर पीड़ित सुजय कुमार ने बीते 17 अगस्त को गोपालगंज एसपी विनय तिवारी से मुलाकात कर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और न्याय की गुहार लगाई थी। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर यह निलंबन की कार्रवाई की गई।
दूसरी ओर, निलंबित अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है। उनका पक्ष है कि पीड़ित पर लगे आरोप के आधार पर नियमानुकूल रिपोर्ट दोपहर 12:00 बजे सबमिट कर दी गई थी, जबकि पीड़ित दोपहर 1:30 बजे थाने पहुंचा था।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट