बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कुछ बदमाशों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को बेहद गंभीर बताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुरानी रंजिश में वारदात को दिया गया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बेलसंड गांव में आपसी विवाद को लेकर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।पंकज त्रिपाठी के भाई पर हुए इस हमले से पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमले की मुख्य वजहों का पूरी तरह खुलासा हो सके।
संवाददाता, गोपालगंज