बिहार बंद: सड़क पर उतरे छात्र, 4 घंटे तक ठप रहा यातायात

एक दिवसीय बिहार बंद को लेकर गोपालगंज में छात्र सडक पर उतर गये। छात्रों ने गोपालगंज के भोरे में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह से ठप रहा।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 25, 2026, 1:03:00 PM

एक दिवसीय बिहार बंद को लेकर गोपालगंज में छात्र सडक पर उतर गये। छात्रों ने गोपालगंज के भोरे में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। बिहार क़े गोपालगंज में बिहार बंद के दौरान क्रांतिकारी युवा संगठन और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज के भोरे में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र-युवा संगठनों के कड़े रुख के कारण भोरे में लगभग चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर उतरे छात्र संगठनों का गुस्सा पटना और दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज को लेकर था। प्रदर्शनकारी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा की मांग की।

छात्र नेताओं का कहना है कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के दमन की जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें, साथ ही पुलिस द्वारा छात्रों पर दर्ज किए गए सभी 'गलत और फर्जी' मुकदमों को अविलंब वापस लिया जाए। पटना और दिल्ली में निर्दोष छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई की जाए। जब तक छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन की उग्रता और चार घंटे लंबे जाम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्षेत्र के हर प्रमुख चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीएम और एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता खुद मौके पर कैंप कर रहे थे और पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों द्वारा छात्र नेताओं से वार्ता कर जाम हटाने और यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया गया।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट