बजनी थी शहनाई, अब चीख-पुकार, शादी से पहले उठी रमी की अर्थी, सीने में दागी गोली

गोपालगंज जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ अपराधियों ने जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को युवती के घर से महज कुछ दूरी पर अंजाम दिया गया।

गोपालगंज जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ अपराधियों ने जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को युवती के घर से महज कुछ दूरी पर अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत युवती की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला गांव निवासी दूधनाथ सिंह की पुत्री रमी कुमारी के रूप में हुई है।

मार्च में होनी थी शादी, सीने में दागी गोली..

बताया जाता है कि रमी कुमारी की शादी आगामी मार्च महीने में मीरगंज थाना क्षेत्र के महैचा गांव होनी थी। परिवार के लोग बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ महीने बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

 पुलिस मामले की जांच में जुटी 

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए वारदात से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की है। फिलहाल युवती की हत्या किस कारण से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका पता नहीं चल सका है।

पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट