विजयीपुर (गोपालगंज)। बेहतर भविष्य और परिवार का सहारा बनने का सपना लेकर दिल्ली गए पटखौली गांव के 25 वर्षीय युवक संजय कुमार वर्मा की लिफ्ट हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कुछ महीने बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। संजय की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान पटखौली निवासी विजय वर्मा के दूसरे पुत्र संजय कुमार वर्मा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संजय दिल्ली में अपने बड़े भाई के साथ रहकर लिफ्ट लगाने और उससे जुड़े काम में मजदूरी करता था। इसी दौरान काम करते समय अचानक वह लिफ्ट से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना ने परिवार की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। परिजनों के मुताबिक संजय की शादी अप्रैल 2027 में तय थी। घर में शादी को लेकर तैयारियां और सपने सजाए जा रहे थे। संजय को अगले ही दिन घर लौटना था और इसके लिए उसका टिकट भी बुक हो चुका था। परिवार को इंतजार था कि बेटा घर आएगा, लेकिन किसे पता था कि उसकी वापसी की खबर जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगी।
जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी थी, अब उसी बेटे की मौत की खबर से पिता विजय वर्मा और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।
एक पल में उजड़ गया परिवार का सपना, अप्रैल में होने वाली शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पटखौली गांव में हर आंख नम है और हर जुबां पर संजय की असमय मौत की चर्चा है।
विजयीपुर (गोपालगंज) से शंकर जी की रिपोर्ट