फुलवरिया (गोपालगंज) : मीरगंज से बथुआ यात्रियों को लेकर जा रही एक बस बिरछा बथुआ गांव के मुख्य पथ पर असंतुलित होकर सड़क किनारे लुढ़क गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज गति से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के क्रम में अचानक दूसरा ट्रक ओवरटेक कर सामने आ गया
बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बताया कि तेज गति से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के क्रम में अचानक दूसरा ट्रक ओवरटेक कर सामने आ गया। विपरीत वाहन को बचाने के लिए जब बस को अधिक साइड दी गई तो बारिश के कारण गीली और नम सड़क की मिट्टी धंस गई। जिससे बस किनारे की खेतों के गढ़े में लुढ़क गई। घटना की सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
चालक की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक भीषण हादसा टल गया - स्थानीय ग्रामीण
वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चालक की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक भीषण हादसा टल गया। बस में सवार सभी सुरक्षित यात्री दूसरे वाहन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। बस मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है और वाहन को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है।
फुलवरिया (गोपालगंज) से संदीप कुमार की रिपोर्ट