गोपालगंज-थावे थाना क्षेत्र के मठगौतम गांव में महज 10 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल महिला की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान किशोर मुसहर की 33 वर्षीय पत्नी पान देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार स्वयं सहायता समूह में 10 रुपये जमा करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपित ने टांगी से पान देवी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि परिजन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब 12 घंटे बाद थानाध्यक्ष विभा कुमारी के नेतृत्व में एएसआई पवन कुमार एवं पुलिस बल की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच महिला का अंतिम संस्कार कराया गया।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इस दौरान स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट