गयाजी में युवक की गोली मारकर ह*त्या, खेत में मिला शव; इलाके में दहशत

गयाजी में युवक की गोली मारकर हत्या, खेत में मिला शव; इलाके में दहशत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 15, 2026, 11:19:00 AM

बिहार के गयाजी जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बेलागंज थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव की है, जहां ग्रामीणों ने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय गांव के लोग रोज की तरह खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। बाद में मृतक की पहचान मुकेश कुमार के पुत्र शांतनु कुमार उर्फ बदुर के रूप में की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार युवक को गोली मारी गई थी, हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सूचना मिलने के बाद बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।