भागलपुर के कचहरी चौक पर उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक विवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ मिली। ससुराल वालों ने दोनों को पकड़ लिया जिसके बाद बीच सड़क पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई।
ससुराल पक्ष का आरोप है कि महिला पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही है। उन्होंने महिला और उसके कथित प्रेमी पर ढाई साल के बच्चे की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। वहीं महिला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ससुराल में उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना होती थी।
उसका कहना है कि जब पति ने साथ नहीं दिया तो वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रह रही है। महिला की गोद में एक नवजात बच्चा भी था जिसे लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि कथित प्रेमी रिश्ते में महिला के जीजा का दोस्त है। हंगामे के दौरान महिला के साथ मारपीट भी हुई। मौके पर पुलिस मौजूद रही लेकिन काफी देर तक कोई हस्तक्षेप नहीं किया।