भागलपुर भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। उत्तरायण मंदिर, दीक्षापूरम डीपीएस स्कूल परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धालुओं के जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच प्रस्थान करेगी रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे तथा जगह-जगह पुष्पवर्षा,आरती और स्वागत की व्यवस्था की जाएगी। पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहेगा। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
रथ यात्रा उत्तरायण मंदिर से निकलकर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरेगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार यात्रा सबसे पहले जीरो माइल काली मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद कैंप जेल स्थित बजरंगबली मंदिर, जवारीपुर काली मंदिर, तिलकामांझी, शिव भवन कॉलोनी स्थित साईं मंदिर, कचहरी चौक मंदिर होते हुए घंटाघर दुर्गा मंदिर पहुंचेगी। यहीं पर भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का समापन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं रथ यात्रा में भाग लेने की अपील की है। समिति का कहना है कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सनातन संस्कृति का भी प्रतीक है। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
रथ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन भी सतर्क रहेगा। मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। भगवान श्री जगन्नाथ की इस पावन रथ यात्रा को लेकर पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है।
भागलपुर से अमरजीत की रिपोर्ट