देशभर में नीट परीक्षा को लेकर उठे विवाद और कथित पेपर लीक का मुद्दा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। भागलपुर में कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। समाहरणालय गेट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
समाहरणालय गेट गुरुवार को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का केंद्र बना। जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में यहां जुटे। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका कहना था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।