पश्चिम चंपारण से चौंकाने वाली खबर है। यह बारात लेकर आये एक युवक की तब तडपकर मौत हो गयी, जब जयमाल की रस्म आयोजित की जा रही थी। इस बेहद हतप्रभ करने वाली घटना के बाद पल भर में ही जहां शादी को लेकर हर तरफ खुशी का माहौल था, शहनाई बज रही थी। वहां देखते ही देखते मातम पसर गया। घटना जिले के सरिसवा बाजार की है।
मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शादी के पहले ही मातम पसर गया। यहां जयमाल की रस्म से पहले ही दूल्हे की तबियत बिगड़ गयी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। प्राप्त खबर के अनुसार भरवलिया वार्ड-06 के निवासी 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की शादी रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से गुरुवार रात राम-जानकी मंदिर में होनी थी। दूल्हन, वर के बडे भाई की साली बतायी जा रही है। बारात जिले के सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया गांव से रामगढ़वा गई हुई थी।
बताया जाता है कि जयमाल की रस्म का आयोजन होने वाला था। इससे पूर्व अचानक दूल्हे के पेट में तेज दर्द होने लगा। दर्द असहनीय थी और इससे उसकी हालत गंभीर होने लगी। आनन फानन में परिजन दूल्हे को रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल में लेकर गये। जहां ईलाज के लिए उसे एडमिट कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और बारात बिना विवाह के वापस लौट आई।
इधर शुक्रवार की सुबह जैसे ही दूल्हे का शव पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। इस घटना के कारण सभी मांगलिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। घटना की हर तरफ चर्चा हो रही है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।