आवास योजना की सूची से नाम हटाने पर मुखिया संघ नाराज, दोबारा भौतिक जांच की मांग

प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से जरूरतमंद परिवारों के नाम हटाए जाने को लेकर बुधवार को बगहा-2 प्रखंड के मुखिया संघ ने बैठक की।

बगहा: प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से जरूरतमंद परिवारों के नाम हटाए जाने को लेकर बुधवार को बगहा-2 प्रखंड के मुखिया संघ ने बैठक की। बैठक में विभिन्न पंचायतों के मुखिया और मुखिया प्रतिनिधियों ने सूची से पात्र लाभुकों के नाम हटाए जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बगहा-2 बीडीओ को आवेदन सौंपकर मामले में दोबारा भौतिक सत्यापन कराने की मांग की।

बैठक में वाल्मीकिनगर, हरनाटांड, यमुनापुर-टड़वलिया, नरवल-बरवल, बिनवलिया-बोदसर, देवरिया तरुअनवा और बेलहवा-मदनपुर पंचायतों के मुखिया व प्रतिनिधि शामिल हुए। मुखिया संघ के अध्यक्ष एवं यमुनापुर-टड़वलिया पंचायत के मुखिया उपेंद्र दीक्षित ने कहा कि विभागीय निर्देश के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों के नाम सूची में जोड़े गए थे। बाद में सरकार के निर्देश पर लाभुकों की दोबारा जांच की जानी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पंचायतों में आवास पर्यवेक्षकों ने धरातल पर जाकर सत्यापन करने के बजाय घर बैठे ही कुछ योग्य लाभुकों के नाम सूची से हटा दिए। इससे संबंधित पंचायतों में ग्रामीणों में असंतोष है।

नरवल-बरवल के मुखिया प्रतिनिधि राशिद उर्फ छोटे ने कहा कि पात्र लोगों के नाम सूची से हटने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं, वाल्मीकिनगर के मुखिया पन्नालाल शाह ने कहा कि बिना स्थल जांच के लाभुकों का नाम काटना उचित नहीं है। उन्होंने दोबारा मौके पर जाकर सत्यापन कराने की मांग की। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को आवेदन देकर सूची से हटाए गए लाभुकों का निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराने तथा पात्र पाए जाने वाले परिवारों के नाम दोबारा योजना में शामिल करने की मांग की।

बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट