राज्य के बगहा से बड़ी खबर से है। यहां तीन दिनों से एक 11 वर्षीय मासूम लापता है। परिजनों को अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने NH-727 को जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बगहा नगर के वार्ड संख्या-26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ले से तीन दिन पहले लापता हुए 11 वर्षीय गौतम कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार सुबह लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-727 (NH-727) को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
मिली खबर के मुताबिक लापता बालक गौतम कुमार तुलसी शाह का पुत्र है और पिछले तीन दिनों से लापता है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। परिजनों ने कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए बच्चे के अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से इस पहलू को गंभीरता से जांचने और जल्द से जल्द गौतम को सकुशल बरामद करने की मांग की है।
वहीं, इस बारे में पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए लगातार छापेमारी और संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल, बच्चे के लापता होने से परिवार चिंतित है और स्थानीय लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और बच्चे की तलाश के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट