आरा : चांदी थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत विशुनपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे और रॉड से हुए हमले में एक पक्ष के 72 वर्षीय बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चांदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कुसुम देवी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, वृद्ध की मौत के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हुई मारपीट
इस संबंध में एसडीपीओ सदर-2 रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि विशुनपुर गांव में दो पक्षों के बीच पहले आपसी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष के बुजुर्ग बसंत सिंह पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए और उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी कुसुम देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट