त्योहारों में घर लौटना मुश्किल, अहमदाबाद-पटना रूट पर स्पेशल ट्रेन का इंतजार

भोजपुर/कोईलवर: दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे गुजरात में रह रहे बिहार के प्रवासियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. अहमदाबाद से पटना के बीच अब तक पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है.

भोजपुर/कोईलवर: दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे गुजरात में रह रहे बिहार के प्रवासियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. अहमदाबाद से पटना के बीच अब तक पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं, अहमदाबाद से बिहार आने वाली अजीमाबाद एक्सप्रेस और अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस में भी सीटें पहले से फुल बतायी जा रही हैं. ऐसे में हजारों प्रवासियों के सामने त्योहारों पर घर पहुंचने का संकट खड़ा हो गया है.

गुजरात के अहमदाबाद समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बिहार के मजदूर, निजी कंपनियों के कर्मचारी और अन्य कामगार रोजगार करते हैं. दिवाली और छठ के अवसर पर ये लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने गांव लौटते हैं. इस दौरान अहमदाबाद से पटना और बिहार के अन्य शहरों की ओर आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. लेकिन नियमित ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं होने और प्रतीक्षा सूची लंबी रहने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है.

सीमित छुट्टी में घर पहुंचने की चिंता

त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों के लिए टिकट की अनुपलब्धता सबसे बड़ी समस्या बन गई है. खासकर रोजाना मजदूरी करने वाले कामगारों और निजी कंपनियों में नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए यात्रा की तारीख बदलना आसान नहीं होता. छुट्टियां सीमित होने के कारण कई लोगों को टिकट की अनिश्चितता के बीच अपनी यात्रा की योजना बनानी पड़ रही है. कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर उन्हें यात्रा टालने या दूसरे मार्गों से घर पहुंचने का विकल्प तलाशना पड़ता है. इससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं.

अहमदाबाद-पटना के बीच पूजा स्पेशल चलाने की मांग

त्योहारों के दौरान रेलवे की ओर से कई प्रमुख रेल मार्गों पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाता है. ऐसे में यात्रियों ने अहमदाबाद-पटना रूट पर भी पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस रूट पर बिहार आने वाले प्रवासियों की संख्या को देखते हुए रेलवे को अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था करनी चाहिए. इससे नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और लोगों को समय पर कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी. यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे दिवाली और छठ पूजा को देखते हुए जल्द अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लेगा, ताकि वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें.

भोजपुर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट