आरा: जिले के कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन पर महम्मदपुर गांव के समीप गुरुवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे ओवरटेक करने के दौरान बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। हादसे में साइकिल सवार मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी रामप्यारे लाल के 40 वर्षीय पुत्र विजय पासवान उर्फ तोप पासवान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार विजय पासवान चनपुरा गांव में मजदूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर जमालपुर लौट रहे थे। इसी दौरान महम्मदपुर गांव के समीप कोईलवर की ओर से छपरा की तरफ जा रहा बालू लदा ट्रक आगे चल रहे एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करने लगा। इसी क्रम में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में साइकिल सवार विजय पासवान आ गये। ट्रक की चपेट में आने के बाद वह सड़क पर गिर गये और ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये। हादसे को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन बाधित हो गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गयी। पुलिस हादसे में शामिल ट्रक की पहचान और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गये। परिजनों के पहुंचते ही वहां माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है। बालू लदे भारी वाहनों के चालक कई बार एक-दूसरे से आगे निकलने के प्रयास में ओवरटेक करते हैं, जिससे साइकिल, बाइक और छोटे वाहनों के चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फोरलेन पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने और ओवरटेक के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट