आरा/कोईलवर: कुल्हड़िया रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति की कुल्हड़िया शाखा की ओर से 24 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. धरना सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित होगा. समिति की ओर से टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस (18183/18184) का ठहराव कुल्हड़िया स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है.
दो विधानसभा क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को होती है परेशानी
कुल्हड़िया स्टेशन से दो विधानसभा क्षेत्रों, चार प्रखंडों और 200 से अधिक गांवों के हजारों लोग आवागमन करते हैं. इसके बावजूद यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों और इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों को अधिक कठिनाइयां झेलनी पड़ती हैं.
समिति के अनुसार, कोरोना काल से पहले कुल्हड़िया स्टेशन पर चार एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था. लेकिन कोरोना काल के बाद यह सुविधा बंद कर दी गई. इससे क्षेत्र के लोगों को दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए जाना पड़ता है. इसमें समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है.
समिति ने रेल प्रशासन से यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कुल्हड़िया स्टेशन पर टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस का ठहराव शुरू करने की मांग की है. मांगों के समर्थन में 24 अक्टूबर को धरना देकर रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा.
आरा से दीपक की रिपोर्ट