भरत तिवारी के ब्रह्मभोज की भव्य तैयारी, 20 हजार से अधिक लोग होंगे शामिल? 100 हलवाई, 300 से अधिक सहायक...

बिहार के भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित फर्जी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज की व्यापक तैयारियां हो रही है। कार्यक्रम में 18-20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 30, 2026, 4:59:00 PM

बिहार के भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित फर्जी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज की व्यापक तैयारियां हो रही है। ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग बिलौटी गांव पहुंचने लगे हैं। कार्यक्रम में 18-20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। भोजन व्यवस्था के लिए करीब 100 हलवाई और 300 से अधिक सहायक दिन-रात जुटे हुए हैं। बड़े पैमाने पर भोजन बनाने के लिए एलपीजी सिलेंडर और कोयले का इस्तेमाल किया जा रहा है। आयोजन की निगरानी और व्यवस्था संभालने के लिए 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

पीने के पानी के लिए टैंकरों और बोतलबंद पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धांजलि सभा हेतु विशाल टेंट लगाया गया, बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट भी तैयार है। परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय समाजसेवियों की देखरेख में तैयारियां अंतिम चरण में है। परिवार का कहना है कि किसी से आर्थिक सहयोग नहीं मांगा गया, लेकिन स्वेच्छा से मदद करने वालों का स्वागत है। आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर है।

बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए घर के आसपास के खेतों में टेंट और शामियाने लगाए गए हैं। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल पर कूलर और पंखों की भी व्यवस्था की गई है। गांव के लोगों का कहना है कि 24 जून को आयोजित महापंचायत में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों से हजारों लोग पहुंचे थे। महापंचायत से लौटते समय उन्होंने श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज में भी शामिल होने का आश्वासन दिया था। इसी को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

श्रद्धांजलि सभा के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने कहा कि 24 जून को आयोजित महापंचायत में कथित एनकाउंटर में शामिल सभी आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। इसके लिए महापंचायत की ओर से प्रशासन को 30 जून तक का समय दिया गया था। यह समय-सीमा मंगलवार को समाप्त हो गई। श्रद्धांजलि सभा के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय की जा सकती है।

इस्ससे पहले मंगलवार को भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट से परिवार को बड़ा झटका लगा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने की सलाह दी है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट का रुख करने की स्वतंत्रता देते हुए कहा कि वह संबंधित हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सकता है। भरत तिवारी एनकाउंटर  की CBI जांच की मांग को लेकर  याचिका दायर की गई है। वकील विशाल तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है।

बता दें कि बिहार की भोजपुर पुलिस ने एक विवादित एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी को मार गिराया था। परिजन और स्थानीय लोग पुलिस पर भरत भूषण को फर्जी एनकाउंटर में मारने का आरोप लगा रहे हैं।  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना को गंभीरता से लिया है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक आयोग के गठन का फैसला किया है। न्यायिक आयोग  ने जांच भी शुरू कर दी है।