भोजपुर में शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 युवक की मौत

बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार की रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

भोजपुर : बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार की रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मौसी की शादी में अपने दोस्तों के संग युवक आया था। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव की घटना है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी

बताया गया कि चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद सभी ने खाना खाया और आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की आवाज से पूरा समारोह दहल उठा। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

गोलीबारी में 2 की मौत, एक गंभीर

फायरिंग के दौरान एक युवक को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट, दाहिने हाथ की बांह, बाएं हाथ के कंधे और कोहनी के पास गोली लगी। दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।

SDPO-1 सुशील कुमार ने कहा- शादी समारोह के दौरान 3 युवकों को गोली मारी गई, 2 की मौत हो गई है

वहीं एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने कहा कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। वहीं, जख्मी युवक दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है। उसकी दाहिनी जांघ में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया। सोनू का इलाज चल रहा है।

आधीरात को खून-खराबा से खलबली - SDPO-1

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां जख्मी सोनू से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।