बिहार के अररिया जिले से बड़ी खबर है। यहां एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे के कारण अब तक तीन महिलाओं की मरने की खबर है, जबकि 24 अन्य की घायल होने की सूचना है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना जिले के भरगामा थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद आला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में लगी हुई है।
मिली खबर के अनुसार जिले के भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर उत्तर मौजा के सिरिसिया हनुमानगंज में मंगलवार को तब अचानक अफरातफरी मच गयी, जब एक भीषण हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर पर सवार होकर तकरीबन 30 लोग धान की रोपनी के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे ट्रैक्टर चालक ने अपना संतुलन खो दिया और वह बगल के एक गड्ढे में पलट गया। स्पीड में जा रहे ट्रैक्टर के पलटने की तेज आवाज और लोगों की चीख पुकार सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये। मौके पर जुटे ग्रामीण ने घायलों को तत्काल पास के हीं निजी अस्पताल में एडमिट कराया। घटना सिरसिया हनुमानगंज पंचायत के वार्ड नंबर 14 के नजदीक परिहर वितरणी नहर के पश्चिमी किनारे पर घटी।
वहीं मिली खबर के अनुसार हादसे में सिरसिया कला वार्ड संख्या चार की निवासी मीरा देवी, मैया देवी और रंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनमें दो की थोडी देर बाद मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में अपना दम तोड़ दिया।
इधर सूचना मिलने के बाद भरगामा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। ब्रेक फेल होने के साथ के कारण ट्रैक्टर चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। घायलों से पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।