पूरा पटना होगा जाम, BPSC दफ्तर को घेरेंगे, TRE 4.0 को लेकर छात्र नेता दिलीप ने बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE 4.0) के विज्ञापन में देरी से शिक्षक अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। अब छात्र नेता दिलीप कुमार ने एक और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Apr 28, 2026, 1:14:00 PM

बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE 4.0) के विज्ञापन में देरी से शिक्षक अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। छात्र संगठनों के लगातार अल्टीमेटम के बाद भी विज्ञापन जारी होने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों अभ्यर्थियों ने एक्स (X) पर  हैशटैग अभियान चलाया था। अब छात्र नेता दिलीप कुमार ने एक और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। 

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा है कि अगर बीपीएससी टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी नहीं किया गया, तो पटना की सड़कों पर फिर से विशाल आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि TRE-4 के मुद्दे पर पटना को जाम किया जाएगा।  साथ ही BPSC कार्यालय पर भी प्रदर्शन की तैयारी है।  दिलीप कुमार ने छात्रों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।  

 इससे पहले शिक्षक अभ्यर्थियों ने 27 अप्रैल (सोमवार) को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर  हैशटैग अभियान चलाया था।  राज्यभर के अभ्यर्थियों ने इस अभियान में भाग लिया था।  अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की है। 

बता दें कि बीपीएससी टीआरई-4 विज्ञापन में देरी को लेकर अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है।  लगभग 46,000 से अधिक पदों पर भर्ती की उम्मीद लगाए लाखों बीएड (B.Ed) और डीएलएड (D.El.Ed) डिग्री धारकों का धैर्य जवाब देने लगा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार, चौथे चरण की परीक्षा सितंबर  2026 में होनी है, लेकिन अभी तक आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। 

बताते चलें कि बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE 4.0) में कुल 46 हजार से ज्यादा रिक्तियां हैं। जिसमें 1-5वीं कक्षा तक 10, 778 वैकेंसी, 6-8 तक 8583, माध्यमिक वर्ग 9-10 तक 9082, उच्च माध्यमिक 11-12 में 16,774 वैकेंसी हैं। वहीं एससी-एसटी कल्याण विभाग में 1-5वीं में 239, 6-9 कक्षा तक 316, कक्षा 11-12 में 489 और प्रधानाध्यापक की 09 रिक्तियां हैं। वहीं अल्पसंख्यक विभाग में कक्षा 9-10 तक 98, कक्षा 11 से 12वीं तक 180 और प्रधानाध्यापक में 09 रिक्तियां हैं।