मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। गोपालगंज वायरल वीडियो मामले में अग्रिम जमानत याचिका पर आज MP-MLA स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। यानि कि फ़िलहाल अनंत सिंह को कोई राहत नहीं मिली है। अनंत सिंह और गुंजन सिंह पर मीरगंज थाने में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। जनेऊ कार्यक्रम में हथियार प्रदर्शन का वीडियो वायरल हुआ था।
इस मामले की सुनवाई जिला जज राजेंद्र पांडेय की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में हुई। बचाव पक्ष की ओर से पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश दीक्षित समेत कई वकीलों ने अदालत में दलील पेश की। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि जिस वीडियो में विधायक अनंत सिंह दिखाई दे रहे हैं, उसमें कहीं भी अश्लील नृत्य या मुजरा नहीं हो रहा है। वकीलों का कहना था कि अनंत सिंह को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर अभियोजन पक्ष ने अदालत में दावा किया कि वायरल वीडियो में कई लोग खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। जिला लोक अभियोजक देव वंश गिरी उर्फ भानु गिरी ने कोर्ट को बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और उसमें दिख रहे हथियार प्रतिबंधित हो सकते हैं।
पुलिस ने वीडियो को फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल जांच के लिए भेजा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो असली है या एडिटेड और उसमें दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं या प्रतिबंधित। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और धाराओं को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।
इससे पहले 15 मई को एडीजे सह MP-MLA जज राजेंद्र कुमार पांडेय की अदालत में अनंत सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। उस दौरान अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई की तिथि 20 मई निर्धारित की थी। आज दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
बता दें कि 2 और 3 मई को मीरगंज थाने के सेमराव गांव में एक जनेऊ (उपनयन संस्कार) कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस समारोह में पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों ने सरेआम आधुनिक और प्रतिबंधित हथियारों का जमकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में बार बालाओं के डांस के दौरान घोर अश्लीलता भी फैलाई गई। इस मामले में मीरगंज थाना में कांड संख्या 247/2026 दर्ज किया गया है। इसमें अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह, कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय समेत कुल 9 नामजद आरोपी हैं।