बिहार से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। महीनों से हड़ताल कर रहे सीओ ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया है। 9 मार्च से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गया है। राजस्व सेवा महासंघ के संयुक्त मोर्चा ने इसका ऐलान किया है। सभी सीओ 4 मई से काम शुरू करेंगे। संघ ने 4 मई से काम पर लौटने का ऐलान किया है। बिहार में अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी का हड़ताल खत्म हो गया। मिली जानकारी के अनुसार विभाग के प्रधान सचिव जयकुमार सिंह के साथ वार्ता के बाद सहमति बनी है।
बिहार राजस्व सेवा महासंघ की संयुक्त मोर्चा ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति पूर्ण आस्था एवं विश्वास व्यक्त करते हुए व्यापक जनहित को सर्वोपरि रखते हुए 09 मार्च 2026 से चल रही अनिश्चितकालीन सामूहिक हड़ताल को स्थगित करने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। यह निर्णय आम जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए और प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। संयुक्त मोर्चा ने कहा कि आशा है कि सरकार द्वारा राजस्व सेवा के हितों की रक्षा करते हुए लंबित मांगों का यथोचित समाधान शीघ्र किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बन सके।
बताया जा रहा है कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव जय सिंह के साथ हुई बैठक में संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को विस्तार से रखा। सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद दोनों संघों ने सामूहिक अवकाश खत्म करने पर सहमति जताई। बीते दिनों राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल के तबादले के साथ ही संघ और सरकार के बीच कायम गतिरोध समाप्त हो गया है। संघ और सरकार के बीच बातचीत चल रही थी। इस बीच संघ ने हड़ताल वापस करने का निर्णय लिया।
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी लगातार एक्शन में हैं। गुरुवार को सीएम अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। मुख्यमंत्री ने डीएम और एसपी को स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिले। यह बैठक उद्योग, अपराध नियंत्रण और जनता को बेहतर सेवा देने जैसे मुद्दों पर केंद्रित थी। मुख्यमंत्री ने सभी डीएम और एसपी को कहा, बच्चियों से जुड़े हिनियस क्राइम में तुरंत एक्शन लीजिए। पीड़ित/मृत बच्चियों की तेरहवी से पहले अपराधियों की तस्वीर पर माला पहना दीजिए।