बिहार में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है। राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। हालांकि कुछ जिलों में भीषण गर्मी और जानलेवा लू का कहर जारी रहेगा।
दरअसल शनिवार को राज्य के कुछ जिलों में बारिश हुई थी। वहीं आज भी कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 जिलों में आज 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश-वज्रपात की संभावना है। इन 19 जिलों के लिए बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. साथ ही पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर में भी बारिश-वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
हालांकि, दक्षिण बिहार के जिलों में अभी भी गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिलेगी. पटना और दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. हालांकि सुबह में पटना का मौसम कुछ बदला हुआ है। रोहतास जिले का डेहरी क्षेत्र 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान बना रहा। इसके अलावा औरंगाबाद, गया, कैमूर और शेखपुरा जैसे जिलों में भी पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है।