बिहार में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मई की चिलचिलाती गर्मी के बीच राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय प्री-मॉनसून के कारण हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। आज यानि शुक्रवार को पटना में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई है। इस दौरान हवा की रफ़्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के विभिन्न जिलों के लिए अगले कुछ दिनों के लिए आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पटना में शुक्रवार दोपहर को आसमान में काले बादल छा गए। इससे दिन में ही रात जैसा अंधेरा हो गया। दिन में साढ़े चार बजे ही अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवा, धूल भरी आंधी और बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। कई इलाकों में लोगों को दुकानों और घरों में शरण लेनी पड़ी। तेज हवाओं के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी करते हुए बिहार के 6 जिलों में शाम को आंधी, बारिश, वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग ने दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, पटना, भोजपुर, बक्सर में बारिश और वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है जबकि वैशाली, नालंदा, सारण, बांका समेत कई जिलों में बारिश को लेकर तत्कालीक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों को बिहार के लिए बेहद अहम और संवेदनशील बताया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है। पटना समेत गया, भागलपुर, अररिया, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने खासतौर पर ठनका गिरने के खतरे को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। जरूरत नहीं होने पर घरों से बाहर निकलने से बचने की भी अपील की गई है।
इससे पहले औरंगाबाद, गयाजी, पटना, जहानाबाद और अरवल जिले में भी रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर राज्य भर में मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। शनिवार 9 मई को राज्य के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने, बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। लोगों से खराब मौसम में सावधान रहने की अपील की गई है।
बता दें कि बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रियता बने होने के कारण इन दिनों प्रदेश के मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्री मानसून सीजन के दौरान राज्य में मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी-पानी की सक्रियता बनना मौसमी सिस्टम का हिस्सा है। आठ मई से 14 मई के दौरान राज्य के ज्यादातर भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ विशेषकर उत्तरी भागों के ज्यादातर जिलों में आंधी-पानी को लेकर स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान मौसम सामान्य होने के साथ तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम सामान्य होने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार है।