बिहार में हाईटेक हुई फायर ब्र‍िगेड, सीएम सम्राट चौधरी की बड़ी सौगात, गांधी मैदान में 80 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

बिहार में अग्निशमन व्‍यवस्‍था को मजबूत बनाने के लिए राज्‍य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार सरकार ने अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 हाईटेक गाड़ियां शामिल की हैं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 18, 2026, 1:04:00 PM

बिहार में अग्निशमन व्‍यवस्‍था को मजबूत बनाने के लिए राज्‍य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सीएम सम्राट चौधरी ने राज्यवासियों को बड़ी सौगात दी है। अब बिहार का अग्निशमन विभाग हाईटेक होगा। बिहार सरकार ने अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 हाईटेक गाड़ियां शामिल की हैं। गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी ने 80 वाहनों को हरी झंडी दिखाई है, जिसमें 36 स्कॉर्पियो भी शामिल हैं। 

मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने इस दौरान अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया। यह कंट्रोल रूम एआई तकनीक से लैस है। सीएम के साथ डिप्‍टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव भी मौजूद थे।  इस अवसर पर इन गाड़‍ियों का लाइव डेमो भी किया गया। फायरकर्मियों ने तत्‍परता और साहस का प्रदर्शन किया। अग्निशमन व‍िभाग को मिली इन गाड़‍ियों में 36 स्‍कॉर्पियो हैं। आग लगने की सूचना मिलने पर कुछ ही देर में वाहन के साथ फायर कर्मी पहुंच जाएंगे।  

सरकार की ओर से दी गई इन नई गाड़ियों में आधुनिक हाइड्रोलिक फायर टेंडर भी शामिल हैं, जो ऊंची इमारतों और कठिन स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों से आग लगने की घटनाओं में राहत और बचाव कार्य पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगा। इन 80 अग्निशमन गाड़ियों को राज्य के विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा, ताकि जिला स्तर पर आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत किया जा सके

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा प्रबंधन तंत्र को हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से लैस ये वाहन राज्य की आपात सेवाओं को नई मजबूती देंगे। आधुनिक हाइड्रोलिक गाड़ियों के शामिल होने से अग्निशमन विभाग की क्षमता में बड़ा सुधार होगा, खासकर उन इलाकों में जहां ऊंची इमारतों या घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग बुझाने में दिक्कतें आती रही हैं।