'बाप का श्राद्ध था जो रोएं', FIR होने पर बाहुबली अनंत सिंह SP पर खूब भड़के

FIR दर्ज होने पर अनंत सिंह गोपालगंज एसपी विनय तिवारी पर खूब भड़के हुए नजर आए और कहा जब आयोजन खुशियों वाला था तो वहां नाच-गाना क्यों नहीं हो, क्या वह कोई श्राद्ध कार्यक्रम था जो रोते।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 06, 2026, 5:52:00 PM

बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से जेडीयू विधायक पर हथियारों के साथ अश्लील गानों पर डांस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। गोपालगंज जिले में उनपर और उसके समर्थकों पर केस दर्ज किया गया है। FIR दर्ज होने पर अनंत सिंह  गोपालगंज एसपी विनय तिवारी पर खूब भड़के हुए नजर आए और कहा जब आयोजन खुशियों वाला था तो वहां नाच-गाना क्यों नहीं हो, क्या वह कोई मां-बाप का श्राद्ध कार्यक्रम था जो रोते। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना वजह उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

पुलिस की कार्रवाई पर अनंत सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, न कि किसी 'नाच-गाना' कार्यक्रम में। उन्हें सुरक्षा के तहत गार्ड और लाइसेंसी हथियार साथ रखने की अनुमति है और पूरे दौरे के दौरान पुलिस उनके साथ मौजूद थी। अनंत सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई नियम है तो उसे स्पष्ट किया जाए-हम कैसे जाएं, क्या पहनकर जाएं, गार्ड लेकर जाएं या नहीं, यह एसपी ही बता दें।

वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो में कुछ ऐसे लोग हैं जो बाहरी हैं। लेकिन वे भी लाइसेंसी हथियार लेकर पहुंचे थे। और अगर मांगलिक कार्यकम में नाच-गाना नहीं हो सकता है तो पुलिस साफ तौर पर इसे बता दें। एसपी विनय तिवारी इससे जुड़े निर्देशों को अख़बार में निकलवा दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्होंने कोई गलत काम किया होता तो कार्रवाई समझ में आती, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में सब कुछ हुआ, फिर उन पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। 

दरअसल अनंत सिंह गोपालगंज में एक जनेऊ समारोह में पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना इलाके के सेमरा गांव में महफिल सजी, मुजरा हुआ। डांसर पर जमकर नोट लुटाए गए। बंदूकें भी लहराई गईं। अब एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज थाने में केस दर्ज किया गया है।  विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत कुल 9 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है।

बता दें कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह गोपालगंज में हथुआ प्रखंड के सेमराव गांव में एक मुखिया के घर आयोजित उपनयन संस्कार (जनेऊ) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां रात को निजी समारोह में ‘मुजरा’ का आयोजन हुआ। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक समर्थकों के साथ बैठकर मुजरा देख रहे हैं और उनके समर्थक खुलेआम हथियार लहराते हुए नोट लुटा रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नर्तकियां डांस कर रही हैं और सामने बैठे विधायक मुस्कुराते हुए तालियां बजा रहे हैं। इसी दौरान पीछे खड़े उनके कुछ समर्थक फिल्मी गानों पर हाथों में रायफल और कट्टे लहराते हुए भी नजर आ रहे हैं।