अब ChatGPT पर नहीं कर सकते बातचीत, PIN और Face ID से लॉक होंगी चैट

आजकल लोग ChatGPT का यूज पर्सनल बातें शेयर करने, जरूरी कामों की योजना बनाने और कई तरह की जानकारियां जुटाने के लिए कर रहे हैं। ऐसे में अगर किसी को अपना फोन या लैपटॉप दूसरे व्यक्ति को देना पड़े।

नई दिल्ली : आजकल लोग ChatGPT का यूज पर्सनल बातें शेयर करने, जरूरी कामों की योजना बनाने और कई तरह की जानकारियां जुटाने के लिए कर रहे हैं। ऐसे में अगर किसी को अपना फोन या लैपटॉप दूसरे व्यक्ति को देना पड़े, तो चैट हिस्ट्री में मौजूद बातचीत दूसरों की नजर में आ सकती है। इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए OpenAI ने ChatGPT में नया Locked Chats फीचर पेश किया है। इसकी मदद से यूजर्स अपनी चुनिंदा बातचीत को पिन या बायोमेट्रिक सुरक्षा के जरिए लॉक कर सकेंगे। इससे निजी चैट को सामान्य हिस्ट्री से अलग रखना आसान होगा। 

PIN और Face ID से लॉक कर सकेंगे चैट

Locked Chats फीचर के तहत यूजर्स अपनी बातचीत को चार नंबरों वाले पिन से सुरक्षित कर सकते हैं। सपोर्ट करने वाले डिवाइस पर Face ID, Touch ID या दूसरे उपलब्ध ऑथेंटिकेशन तरीकों का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। लॉक करने के बाद संबंधित चैट सामान्य हिस्ट्री, पिन की गई बातचीत और सर्च रिजल्ट में दिखाई नहीं देगी. इसकी जगह वह अलग Locked Chats सेक्शन में चली जाएगी। यूजर्स पुरानी बातचीत को लॉक करने के अलावा इस सेक्शन में नई चैट भी शुरू कर सकते हैं। हालांकि लॉक की गई बातचीत डिलीट नहीं होती है। सही तरीके से अनलॉक करने के बाद उसे दोबारा देखा जा सकता है।

किन यूजर्स को मिलेगा Locked Chats फीचर?

यह फीचर ChatGPT Free, Go, Plus, Pro, Business, Enterprise और Edu प्लान के यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी किया जा रहा है। यह वेब, Mac और Windows डेस्कटॉप ऐप के साथ Android और iOS पर भी उपलब्ध होगा। हालांकि  Temporary Chats, आर्काइव की गई बातचीत, ग्रुप चैट, शेयर किए गए लिंक से बनी चैट, शेड्यूल्ड टास्क वाली बातचीत और मीटिंग रिकॉर्डिंग वाली चैट को लॉक नहीं किया जा सकेगा। ChatGPT for Healthcare प्लान में भी यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। 

Temporary Chats से कैसे अलग है यह फीचर?

ChatGPT में Temporary Chats का ऑप्शन भी मिलता है, लेकिन Locked Chats उससे अलग तरीके से काम करता है। Temporary Chats सामान्य चैट हिस्ट्री में दिखाई नहीं देती हैं, जबकि Locked Chats में बातचीत सेव रहती है और जरूरत पड़ने पर उसे दोबारा खोला जा सकता है। 

चैट लॉक करने से पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगा डेटा

OpenAI के मुताबिक, यह फीचर अतिरिक्त प्राइवेसी देता है, लेकिन इससे बातचीत पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन लागू नहीं होता है और न ही अलग एन्क्रिप्टेड वॉल्ट बनता है. चैट डेटा कितने समय तक रखा जाएगा या मॉडल को बेहतर बनाने से जुड़ी सेटिंग पर भी इसका असर नहीं पड़ता है। साथ ही अगर यूजर अपना पिन भूलकर उसे रीसेट करता है, तो पुराने पिन से सुरक्षित लॉक्ड चैट, फाइलें और उनसे जुड़ी निजी मेमोरी हमेशा के लिए डिलीट हो सकती हैं। OpenAI के मुताबिक, इस कंटेंट को बाद में रिकवर नहीं किया जा सकेगा।