दिवाली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में लोग जमकर शॉपिंग कर रहे हैं। कंपनियों की तरफ से भारी डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। इस बीच WhatsApp पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दिवाली पर ₹8,000 बोनस देने का दावा किया जा रहा है। PIB ने इस मैसेज को फर्जी बताया है। अगर आपके पास भी ऐसा मैसेज आता है, तो किसी लिंक पर क्लिक न करें।
दरअसल वॉट्सऐप पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की तरफ से दिवाली पर लोगों को ₹8,000 दिए जा रहे हैं। इसके लिए लोगों को एक लिंक भेजा जा रहा है। मैसेज में कहा जा रहा है कि लिंक पर क्लिक करके अपनी जानकारी भरें और ₹8,000 का बोनस पाएं। अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है, तो सावधान हो जाइए। क्योंकि इस बोनस के नाम पर आपके साथ ऑनलाइन ठगी हो सकती है।
दिवाली पर ₹8,000 बोनस वाला मैसेज फर्जी है। PIB यानी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ने इस मैसेज को फर्जी बताया है। सरकार की तरफ से ऐसे किसी दिवाली बोनस का ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में अगर आपके पास भी ऐसा कई मैसेज आया है तो इसे सच समझने की गलती न करें। नहीं तो लिंक पर क्लिक करते ही आप ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं।
बता दें कि इस तरह के स्कैम में ठग लोगों को पैसे मिलने का लालच देते हैं। इसके बाद वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजते हैं। उस लिंक पर क्लिक करते ही आपके सामने एक वेबसाइट खुल सकती है। यहां आपसे नाम, मोबाइल नंबर और बैंक से जुड़ी जानकारी मांगी जा सकती है। कई बार ठग OTP और UPI PIN भी मांगते हैं। अगर आपने ये जानकारी दे दी, तो आपके बैंक अकाउंट से पैसे निकल सकते हैं। इसलिए सावधान रहें और ₹8,000 पाने के चक्कर में अपनी मेहनत की कमाई खतरे में न डालें।
अगर आपके WhatsApp पर भी ₹8,000 बोनस वाला मैसेज आता है, तो उस पर दिए गए लिंक पर गलती भी क्लिक न करें नहीं तो आप ठगी के शिकार हो सकते हैं। साथ ही भूल से भी किसी को भी अपना OTP, UPI PIN या बैंक की जानकारी न दें। ऐसा करने से आप खतरे में आ सकते हैं।