विधान परिषद में Photo Session के दौरान CM नीतीश हाथ जोड़ते दिखे, उपसभापति ने टोका, सदन में दिखा अलग अंदाज
बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के समापन से एक दिन पहले गुरुवार को फोटो सेशन का आयोजन किया गया। शुक्रवार को सत्र समाप्त होना है, उससे पहले आयोजित इस फोटो सेशन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अलग ही अंदाज देखने को मिला।
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के समापन से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को सदन परिसर में खास फोटो सेशन का आयोजन किया गया। शुक्रवार को सत्र खत्म होना है, उससे पहले सभी सदस्यों ने एक साथ तस्वीर खिंचवाकर इस सत्र की यादों को संजोया। लेकिन इस फोटो सेशन में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे मुख्यमंत्री Nitish Kumar।
तस्वीर खिंचवाने के दौरान मुख्यमंत्री का अलग ही अंदाज देखने को मिला। वे लगातार हाथ जोड़कर खड़े नजर आए। तभी कैमरामैन की ओर से आवाज आई— “सर, चेहरा छिप रहा है।” यह सुनते ही माहौल में हल्की हंसी गूंज गई। पास ही मौजूद उपसभापति Awadhesh Narayan Singh ने भी उन्हें हल्के अंदाज में टोका, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने अपनी मुद्रा में थोड़ा बदलाव किया।
मुख्यमंत्री के ठीक पीछे एमएलसी Sachchidanand Rai खड़े थे, जो दोनों हाथ जोड़कर स्थिर मुद्रा में दिखाई दे रहे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, “ये दोनों हाथ को एक साथ जोड़कर खड़े रहते हैं।” उनके इस हल्के-फुल्के कमेंट से वहां मौजूद नेताओं के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
हालांकि कुछ देर बाद मुख्यमंत्री खुद को थोड़ा असहज महसूस करते दिखे और अपनी कुर्सी को थोड़ा आगे खिसकाकर बैठ गए, ताकि तस्वीर सही एंगल से ली जा सके। इस पूरे फोटो सेशन में एक बात और चर्चा का विषय रही— नेता प्रतिपक्ष Rabri Devi की गैरमौजूदगी। वे इस मौके पर उपस्थित नहीं रहीं। हंसी-मजाक और हल्के पलों के बीच यह फोटो सेशन बजट सत्र की औपचारिकता से अलग एक यादगार क्षण बन गया।