नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत, राघोपुर पहुंचे चिराग पासवान, घटनास्थल का ले रहे जायजा, कहा-बहुत बड़ी लापरवाही
बिहार के वैशाली के राघोपुर दियारा में हुए दर्दनाक नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान राघोपुर पहुंच गए हैं। वह नाव हादसे वाले घटनास्थल का जायजा ले रहे है। डीएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद है।

बिहार के वैशाली के राघोपुर दियारा में हुए दर्दनाक नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत ने कई कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस घटना पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गहरी संवेदना जताई। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा उनके परिजनों को हर संभव मदद किए जाने का भरोसा दिलाया। इस बीच चिराग पासवान राघोपुर पहुंच गए हैं। वह नाव हादसे वाले घटनास्थल का जायजा ले रहे है। डीएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद है। इससे पहले दिल्ली से लौटने के बाद चिराग पासवान ने पटना में अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों से मुलाकात की और चिकित्सकों को बच्चों की बेहतर चिकित्सा किए जाने का भी आदेश जारी किया।
दरअसल केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान दिल्ली से लौटने के बाद पटना सिटी पहुंचे। जहां अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचकर वैशाली के रामपुर श्यामचंद गांव में नाव हादसे के शिकार हुए अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर चिराग पासवान ने अस्पताल में भर्ती कार्तिक कुमार, अनुष्का कुमारी और पुतीश कुमार कुमार का हाल समाचार जाना। वहीं अस्पताल में तैनात चिकित्सकों को बच्चों की बेहतर चिकित्सा किए जाने का भी आदेश जारी किया।
वहीं वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा-ये ऐसी हृदय विदारक घटना है जिस पर यकीन नहीं हो रहा है। कल रात से जब से वो तस्वीरें वो दृश्य सामने आए हैं कि किस तरह से छोटे-छोटे बच्चे चले गए। तकलीफ तो किसी के भी जाने से होती है लेकिन जब मृतकों में ऐसे छोटे बच्चों के शव दिखाई देते हैं तो ये तकलीफ और बढ़ जाती है। जो लोग गए हैं, वे तो कभी वापस नहीं आएंगे लेकिन कम से कम जो हैं, उनके इलाज में और जो पीड़ित परिवार हैं, उन्हें किस तरह से सहयोग किया जा सकता है। उस दिशा में केंद्र व राज्य सरकारें अपनी भूमिका को तत्परता से निभाएंगी।
चिराग पासवान ने कहा कि कल देर रात जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली, प्रधानमंत्री के भी संज्ञान में इस विषय को लाया गया। उन्होंने भी इस घटना को लेकर अपना दुख प्रकट किया है। आज कैबिनेट थी, कैबिनेट को छोड़कर मैं इस सोच के साथ यहां आया हूं कि जो पीड़ित परिवार हैं, दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहकर भविष्य में परिस्थितियों को बेहतर करने की दिशा में हम कार्य करेंगे। पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की गई है। यकीनन ये बहुत बड़ी लापरवाही है और जो भी इसमें दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की लापरवाही से अगर ऐसी घटना घटी है तो यकीनन दोषी अधिकारी के खिलाफ बिहार सरकार और मुख्यमंत्री के संज्ञान में इस घटना को लाकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













