तेजप्रताप के गिरफ्तार होते ही राबड़ी देवी के साथ पटना पहुंचे तेजस्वी यादव, CM सम्राट को दे डाली चेतावनी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करीब तीन सप्ताह तक बिहार से बाहर रहने के बाद रविवार को मां राबड़ी देवी के साथ पटना पहुंचे। बिहार पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप और आंदोलनकारी छात्रों की गिरफ्तारी पर सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करीब तीन सप्ताह तक बिहार से बाहर रहने के बाद रविवार को मां राबड़ी देवी के साथ पटना पहुंचे। बिहार पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप और आंदोलनकारी छात्रों की गिरफ्तारी पर सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को करारा प्रहार करते हुए कहा-बिहार के मुख्यमंत्री के चेहरे पर न वोट मिला…ना चेहरे पर वोट हुआ…ना काम पर वोट मिला…जो सड़कछाप गुंडा है।
करीब तीन सप्ताह तक बिहार से बाहर रहने और विधानसभा सत्र के दौरान सदन में गैरहाजिर रहने के बाद तेजस्वी यादव पटना लौटे हैं। सदन में गैरहाजिर रहने के कारण वह विपक्ष के निशाने पर थे। पटना पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि अपने अधिकार और भविष्य के लिए लड़ाई लड़ने वाले छात्रों का धन्यवाद किया जाना चाहिए, लेकिन सरकार ने छात्रों की आवाज दबाने के लिए उन पर मुकदमे दर्ज कर दिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन करने वाले सभी छात्र बधाई के पात्र हैं। उन्होंने अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया है। साथ ही उन्होंने आंदोलन को समर्थन देने वाले सभी विपक्षी दलों को भी धन्यवाद दिया।
तेजस्वी यादव ने सरकार से तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि जब आंदोलन समाप्त करने को लेकर यह समझौता हो चुका था कि छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे, तो फिर बिहार में लोगों को जेल क्यों भेजा जा रहा है? उन्होंने कहा कि कई विधायकों को उठाया गया। उन्होंने दावा किया कि महिषी विधायक समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। वहीं उन्होंने अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया। तेजस्वी ने कहा कि तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और उन पर कई धाराएं लगाई गईं। उन्होंने सरकार से मांग की कि आंदोलन से जुड़े सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और जेल में बंद सभी छात्रों व आंदोलनकारियों को तत्काल रिहा किया जाए। बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में छात्र आंदोलन में शामिल हुए तेज प्रताप यादव को शनिवार (25 जुलाई, 2026) की रात पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों और आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो राजद बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। छात्रों को अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने का अधिकार है। राजद नेता ने कहा कि आंदोलन को खत्म करने को लेकर जो सहमति बनी है, उसके अनुसार सभी आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में हुए आंदोलनों के दौरान हजारों लोगों पर केस दर्ज किए गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार के कई जिलों में छात्रों पर गलत धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आंदोलन खत्म करने और मुकदमे वापस लेने की बात तय हो चुकी है तो फिर छात्रों को जेल में क्यों रखा जा रहा है। तेजस्वी यादव ने बिहार प्रशासन और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है और आंदोलन को दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है।











