तेजस्वी के बेटे के बर्थ डे पर एकजुट दिखा लालू परिवार, तेज प्रताप ने भतीजे पर खूब लुटाया प्यार, दादा भी खूब खुश
राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज का पहला जन्मदिन 27 मई को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। बर्थ-डे सेलिब्रेशन में लालू परिवार एकजुट नजर आया।
राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज का पहला जन्मदिन 27 मई को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। यह समारोह गाजियाबाद में लालू की बेटी रागिनी और दामाद राहुल यादव के घर 'रागिनी विला' में आयोजित किया गया था। बर्थ-डे सेलिब्रेशन में लालू परिवार एकजुट नजर आया। इस कार्यक्रम में RJD से निष्कासित और लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। वहीं इस समारोह में लालू यादव को किडनी देने वाली बेटी रोहिणी आचार्य शामिल नहीं हुई।
इराज के पहले जन्मदिन पर तेजप्रताप यादव और मीसा भारती ने भतीजे पर खूब प्यार लुटाया। वहीं तेजस्वी यादव 'इराज के पापा' लिखी शर्ट पहने अलग अंदाज में दिखे। इस मौके पर तेजस्वी बेहद खास अंदाज में नजर आए। उन्होंने जो शर्ट पहनी थी, उसपर Iraj's Father लिखा था। मतलब की इराज के पापा। पोते के जन्मदिन पर लालू की खुशी भी देखते ही बनी। वो केक कटिंग सेलिब्रेशन के साथ-साथ अन्य मौकों पर भी केंद्र में दिखे।
बर्थ-डे सेलिब्रेशन के दौरान लालू परिवार के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने खूब सुर्खियां बटोरी। उन्होंने अपने भतीजे इराज को गोद में लेकर खूब दुलार किया। पिछले कुछ समय से तेजप्रताप यादव परिवार और पार्टी की गतिविधियों से थोड़े अलग-थलग पड़ गए थे। हालांकि इस पारिवारिक समारोह में उनकी सक्रियता को देखकर यह साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि लालू परिवार में सबकुछ ठीक होता नजर आ रहा है। तेजस्वी यादव की बड़ी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने भी इस जन्मदिन समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इराज अपनी बड़ी बुआ मीसा की गोद में भी खेलते हुए नजर आया।
हालांकि इस पूरे जश्न के बीच लालू यादव को अपनी किडनी डोनेट करने वाली बेटी रोहिणी आचार्या की कमी खली। इस समारोह में परिवार के सब सदस्य मौजूद रहें लेकिन रोहिणी आचार्या नजर नहीं आईं। बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद रोहिणी आचार्या और तेजस्वी यादव के बीच गहरे मतभेद और सियासी ड्रामे की खबरें सामने आई थीं, और उनकी यह दूरी बताती है कि नाराजगी अभी कम नहीं हुई है।
लालू प्रसाद यादव के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी अपने पोते इराज को दुलारते हुए केक खिलाया। इस पारिवारिक उत्सव में आरजेडी के कई नेता भी शामिल हुए। राजद विधायक भाई वीरेंद्र समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता और लालू परिवार के बेहद करीबी लोग गाजियाबाद पहुंचे थे। नेताओं ने बच्चे को आशीर्वाद दिया और तेजस्वी यादव को बधाई दी।
बता दें कि इस हाई-प्रोफाइल पार्टी में विपक्ष का कोई भी बड़ा राष्ट्रीय नेता शामिल नहीं हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी समेत 'इंडिया' गठबंधन के कई शीर्ष नेताओं को बाकायदा निमंत्रण पत्र भेजा गया था। कहा जा रहा था कि लालू यादव इस बड़े आयोजन के जरिए विपक्षी नेताओं को एक मंच पर जुटाना चाहते थे। हालांकि ऐसा नहीं हो सका।