तेज प्रताप के जेल जाने पर CM सम्राट को चेताया, अब फायरिंग में घायल छात्रों से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार लौटते ही एक्शन मोड में दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के बाद सीधे घायल छात्रों का हालचाल जानने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार लौटते ही एक्शन मोड में दिख रहे हैं। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने पहले सम्राट सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर 24 घंटे में छात्रों पर हुए केस वापस नहीं लिए गए तो बड़ा आंदोलन होगा। अब तेजस्वी यादव पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के बाद सीधे घायल छात्रों का हालचाल जानने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने सीवान में बिहार बंद के दौरान फायरिंग में घायल हुए तीनों छात्रों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
तेजस्वी यादव ने बिहार बंद के दौरान घायल छात्र प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और घायल छात्रों का कुशलक्षेम पूछा। घटना को लेकर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का मूल अधिकार है। लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ का सम्मान जरूरी बताया गया। तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही गोलीकांड की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने घायल छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-पुलिस की गोली से घायल छात्र प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आवश्यक अधिकार है जो नागरिकों को अपनी असहमति और विचार व्यक्त कर निरंकुश सत्ता को जवाबदेह बनाता है। बिहार सरकार छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर अविलंब कारवाई करें।
दरअसल नीट पेपर लीक को लेकर धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और पुलिस की बर्बरता के खिलाफ 25 जुलाई को बिहार बंद का ऐलान किया गया था। इस दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों से हिंसा की खबरें सामने आई थीं। सीवान में बंद समर्थकों के ऊपर पुलिस की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से तीन छात्र बुरी तरह से घायल हो गए। सीवान में इलाज के बाद तीनों को पटना स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, जहां तीनों का इलाज जारी है। इन्हीं घायल छात्रों से आज तेजस्वी यादव मिलने पहुंचे और उनका हाल जाना।
घायलों में शेख मोहल्ला निवासी मो. आरिफ, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार और सीवान के दरौली निवासी विक्की कुमार गौड़ शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, मो. आरिफ के गले में गोली लगी है और उनकी हालत सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। वहीं, आकाश कुमार के कंधे में और विक्की कुमार गौड़ के पैर में गोली लगी है। घायल छात्रों को पहले प्राथमिक और आपातकालीन इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर चिकित्सीय देखभाल के लिए मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया था।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करीब तीन सप्ताह तक बिहार से बाहर रहने के बाद रविवार को मां राबड़ी देवी के साथ पटना पहुंचे। बिहार पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप और आंदोलनकारी छात्रों की गिरफ्तारी पर सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों और आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो राजद बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। छात्रों को अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने का अधिकार है।











