राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर चर्चा में है। इस बार बिहार से कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इन उम्मीदवारों में एनडीए के पांच और राजद का एक प्रत्याशी शामिल है।
एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के नेता रामनाथ ठाकुर, भाजपा उम्मीदवार शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं। वहीं राजद ने अपने उम्मीदवार के तौर पर अमरेंद्र धारी सिंह को उतारा है।
संपत्ति के मामले में सबसे आगे राजद उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह हैं। उनके शपथ पत्र के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 243 करोड़ रुपए है, जिससे वह इस चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार बन गए हैं।
अगर एनडीए के उम्मीदवारों की बात करें तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति करीब 1.66 करोड़ रुपए बताई गई है, जबकि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की संपत्ति 1.16 करोड़ रुपए है। जदयू के दूसरे उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर मुख्यमंत्री से भी ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 3.12 करोड़ रुपए है।
वहीं भाजपा उम्मीदवार शिवेश कुमार भी चर्चा में हैं। उन्हें हथियारों का शौक है और उनके पास रिवॉल्वर और राइफल मौजूद है। उनकी कुल संपत्ति करीब 3.70 करोड़ रुपए बताई गई है।
इस तरह बिहार से राज्यसभा चुनाव में उतरे उम्मीदवारों की संपत्ति और प्रोफाइल भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।