'भाजपा में ऊपर से नीचे तक दलित विरोधी मानसिकता' मंत्री नंद किशोर राम को राबड़ी देवी का शुक्रगुजार होना चाहिए, बोली रोहिणी आचार्य
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करने को लेकर बिहार में सियासत उफान पर है। अब इसको लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर निशाना साधा है और कहा है कि भाजपा में ऊपर से नीचे तक दलित विरोधी मानसिकता।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करने को लेकर बिहार में सियासत उफान पर है। मंत्री नंदकिशोर राम को 10 सर्कुलर रोड बंगला आवंटित किया गया है। राबड़ी देवी के आवास खाली करने से इनकार पर मंत्री नंदकिशोर राम ने भी आरजेडी को आड़े हाथ लेते हुए दलित विरोधी पार्टी तक बता दिया। अब इसको लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है और कहा है कि भाजपा में ऊपर से नीचे तक दलित विरोधी मानसिकता वालों का कब्जा है।
रोहिणी आचार्य ने लंबा चौड़ा पोस्ट कर बीजेपी पर निशाना साधा है। रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा है-दलित विरोध तो भाजपा की उत्पत्ति के मूल में है..दलित विरोध, दलितों के प्रति घृणा, द्वेष, भेदभाव वाली विचारधारा-सोच तो भाजपा की उत्पत्ति के मूल में ही है। भाजपा के लोगों के द्वारा दिए गए सैंकड़ों दलित विरोधी घटिया बयानों और भाजपा शासित प्रदेशों में निरंतर बढ़ती दलित उत्पीड़न एवं अत्याचार की घटनाओं से ये साबित भी होता है। पिछले ही वर्ष ( 2025 ) के अक्टूबर महीने में मध्यप्रदेश के भिंड में भाजपाई गुंडों के द्वारा ड्राइवर का काम करने वाले एक दलित युवक को निर्ममता से पीटे जाने के पश्चात् जबरन पेशाब पिलाए जाने की मानवता को शर्मसार करने वाली घटना को देश अभी भूला नहीं है।
रोहिणी ने आगे लिखा है-पूरी दुनिया इस सच से वाकिफ है कि "भाजपा में ऊपर से नीचे तक दलित विरोधी मानसिकता वालों का कब्ज़ा है और ऐसे ही लोगों के उकसावे और दबाब में आ कर बिहार सरकार के मंत्री श्री नंद किशोर राम जी कह रह रहे हैं कि श्रीमती राबड़ी देवी जी उनके ( मंत्री जी के ) दलित होने की वजह से बंगला नहीं खाली कर रही हैं।
ऐसा कहते हुए मंत्री जी ये भूल रहे हैं कि श्रीमती राबड़ी देवी जी उन लालू यादव जी की पत्नी हैं, जिन्होंने वंचितों, दलितों और हाशिए पर खड़ी आबादी को अपने अधिकार के लिए आवाज़ उठाने, लड़ने की ताकत दी, लालू जी के साथ-साथ राबड़ी देवी जी ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में, मुख्यधारा की राजनीति में दलितों-वंचितों की अहम्, सक्षम एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करवायी। लालू यादव जी एवं राबड़ी देवी जी ने दलित समुदाय से आने वाले दर्जनों लोगों, महिलाओं एवं पुरुषों , को संसद-विधानसभा-विधान परिषद् का माननीय सदस्य, मंत्रिमंडल का हिस्सा बनना सुनिश्चित करवाया।
श्रीमती राबड़ी देवी जी पर झूठा दोषारोपण करने की बजाए मंत्री नंद किशोर राम जी को तो लालू यादव जी एवं राबड़ी देवी जी का शुक्रगुजार होना चाहिए , अगर लालू यादव जी और राबड़ी देवी जी का दलितों - वंचितों के उत्थान के लिए निरंतर किया गया प्रयास नहीं होता तो शायद आज नंद किशोर राम जी मंत्री भी नहीं होते..
रोहिणी आचार्य ने आखिर में लिखा है कि नंद किशोर राम जी .. राबड़ी देवी जी पर बंगला खाली करने का गैरवाजिब दबाब इसी लिए ही तो बना रही है। भाजपाई सम्राट सरकार क्योंकि वो दलितों-वंचितों की हक़ की लड़ाई लड़ती हैं। उनके लिए आवाज उठाती हैं और राबड़ी देवी जी एवं लालू जी भाजपा के दलित विरोधी नापाक मंसूबों को कामयाब नहीं होने देने की राह में सबसे बड़ी बाधा हैं।