MLC सुनील सिंह बोले-राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं, छोटू छलिया के हीरे का कंगन गिफ्ट पर सियासी बवाल, JDU ने की ED जांच की मांग

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा भोजपुरी गायक छोटू छलिया को हीरे का कंगन गिफ्ट देने पर सियासी बवाल शुरू हो गया है। JDU के ED जांच की मांग पर राजद MLC सुनील सिंह ने जवाब दिया है।

MLC सुनील सिंह बोले-राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं, छोटू छलिया के हीरे का कंगन गिफ्ट पर सियासी बवाल, JDU ने की ED जांच की मांग
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 12, 2026, 3:27:00 PM

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा भोजपुरी गायक छोटू छलिया को हीरे का कंगन गिफ्ट देने पर सियासी बवाल शुरू हो गया है। इसको लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने जांच की मांग की है। JDU के ED जांच की मांग पर राजद  MLC सुनील सिंह ने जवाब दिया है। सुनील सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राबड़ी देवी कभी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनती हैं। हर चमकने वाली चीज हीरा नहीं होती। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की जानकारी के अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। 

सुनील सिंह ने कहा कि JDU नेताओं के पास जनता के असली मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं बचा है।  इसलिए वे कंगन को लेकर राजनीति कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील सिंह ने  उदाहरण देते हुए अपनी जेब में रखी पेन और गले में पहनी चेन दिखाकर पूछा कि क्या हर चमकती हुई चीज सोना होती है? उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चमकने वाली हर वस्तु सोना नहीं होती, उसी प्रकार हर चमकने वाला पत्थर हीरा भी नहीं होता। उन्होंने कहा कि कंगन को लेकर जिस तरह की चर्चाएं की जा रही हैं, वे पूरी तरह आधारहीन हैं। 

सुनील सिंह ने कहा कि छोटू छलिया एक संघर्षशील और अपेक्षाकृत छोटे स्तर के कलाकार हैं। उनकी तुलना भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों पवन सिंह और खेसारी लाल यादव से नहीं की जा सकती। पवन सिंह और खेसारी लाल नहीं है।  छोटू छलिया आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। कोई भी कलाकार अपने को बड़ा बताने के चक्कर में इस तरीके की चीज करता है। 

सुनील सिंह ने JDU के आरोप पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य के असली मुद्दों पर सरकार के पास जवाब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मामलों को उछाला जा रहा है।

बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। शाम को पटना के राबड़ी आवास पर एक बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया, जहां भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने अपने गीतों से समां बांध दिया।  उनके गानों की प्रस्तुति से पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी मंत्रमुग्ध हो गईं और खुश होकर उन्होंने अपने हाथ से हीरे वाला कंगन उतारकर छोटू छलिया को तोहफे में दे दिया।

कंगन मिलने के बाद छोटू छलिया ने कहा था कि उन्हें राबड़ी देवी ने हीरे के कंगन दिए हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया। छोटू छलिया ने कहा कि उन्होंने बचपन में किस्सों और कहानियों में सुना था कि राजा-महाराजा कलाकारों से खुश होकर उन्हें हार और कंगन भेंट करते थे। लेकिन आज उन्होंने यह दृश्य अपनी आंखों से देख लिया। उन्होंने कहा कि अगर आज के दौर में कोई असली राजा-रानी हैं, तो वे लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी हैं।

छोटू छलिया के बयान के बाद JDU ने मामले की जांच ED से कराने की मांग की है। JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने पूछा कि यदि कंगन वास्तव में हीरे का है तो उसकी खरीद से जुड़े दस्तावेज और रसीद सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कलाकार को पहले दिए गए सोने की चेन और अंगूठियों का भी विवरण सामने आना चाहिए। JDU ने मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराने की मांग करते हुए कहा कि यह भी जांच होनी चाहिए कि गहनों की खरीद में सभी वैधानिक करों और GST का भुगतान किया गया था या नहीं। नीरज कुमार ने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि गहने खरीदने में टैक्स और GST का भुगतान किया गया था या नहीं। उन्होंने पूछा कि गायक को पहले जो सोने की चेन और अंगूठियां दी गई थीं, उनका हिसाब भी सामने आना चाहिए।