यादों को समेटते खाली हो रहा राबड़ी आवास, निकले लालू यादव, आवास में राबड़ी देवी मौजूद, तेजस्वी का ये नया ठिकाना

बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड यानि राबड़ी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिना सुरक्षा के आवास से बाहर निकल चुके हैं, जबकि राबड़ी देवी फिलहाल बंगले के अंदर ही मौजूद हैं।

यादों को समेटते खाली हो रहा राबड़ी आवास, निकले लालू यादव, आवास में राबड़ी देवी मौजूद, तेजस्वी का ये नया ठिकाना
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 29, 2026, 12:11:00 PM

बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड यानि राबड़ी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। यहां से सामानों की शिफ्टिंग जारी है और ज्यादातर सामान दूसरी जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। बंगले के कमरों से करीब 80 प्रतिशत सामान ट्रकों में लादकर विदा किया जा चुका है और अब वहां सिर्फ जरूरत का कुछ चंद सामान ही बचा है। राबड़ी देवी के सरकारी आवास से छोटे वाहनों के जरिए पौधे (प्लांट) शिफ्ट किए जा रहे हैं। इससे पहले घर का अन्य सामान कौटिल्य नगर स्थित बंगले में पहुंचाया जा चुका है। भवन निर्माण विभाग के नोटिस के मुताबिक आज यानी 29 जून को राबड़ी आवास को खाली करने की अंतिम तिथि है। 

पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले से सामानों की शिफ्टिंग जारी है। इस बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिना सुरक्षा के आवास से बाहर निकल चुके हैं,  जबकि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी फिलहाल बंगले के अंदर ही मौजूद हैं।  नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, जो अब तक अपने परिवार के साथ इसी आवास में रह रहे थे, उन्होंने अपना सारा निजी सामान यहां से हटा लिया है और अब वे पूरी तरह से 1 पोलो रोड स्थित अपने नए सरकारी बंगले में शिफ्ट हो गए हैं। कंप्यूटर, रोजाना इस्तेमाल के सामान और कपड़े जैसे सभी जरूरी सामान पोलो रोड भेजे जा चुके हैं।

राबड़ी देवी के लिए नया आधिकारिक ठिकाना 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन समस्या यह है कि वहां अभी काम पूरा नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी या तो 1 पोलो रोड स्थित अपने बेटे तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में रहेंगे या फिर कौटिल्य नगर और गोला रोड स्थित अपने निजी घरों का रुख करेंगे। तेजस्वी यादव अब तक अपने माता-पिता के साथ इसी 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले में रह रहे थे। अब माना जा रहा है कि पूरे लालू परिवार का आज से नया ठिकाना आधिकारिक तौर पर 1 पोलो रोड का बंगला बन गया है।

बता दें कि 20 साल की यादों को समेटकर राबड़ी आवास सूना हो रहा है।  10 सर्कुलर रोड बंगले से लालू परिवार और बिहार की राजनीति की कई यादगार यादें जुड़ी हुई है। भवन निर्माण विभाग के नोटिस के अनुसार अब यह बंगला खाली हो रहा है। जिस परिसर और कमरों में कभी बिहार के भविष्य के बड़े-बड़े फैसले होते थे, जहां कार्यकर्ताओं का हुजूम लगा रहता था, वहां आज सिर्फ पैकिंग बॉक्स और सन्नाटा पसरा है। फिलहाल इस बंगले में सिर्फ उतना ही सामान बचा है जो लालू जी की रोजमर्रा की दवाइयों और आराम के लिए बेहद जरूरी है। बाकी सामान को दूसरे जगह पहुंचाया जा चुका है।