पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मिले दिल्ली जदयू प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, किया संवाद
जनता दल (यूनाइटेड) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की।

पटना: जनता दल (यूनाइटेड) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्हें नीतीश कुमार के साथ ‘जनता दरबार’ में शामिल होकर आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर मिला।
जनता से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं को सुनने की पहल नीतीश कुमार के सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के प्रारंभिक वर्षों से ही आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल के उद्देश्य से ‘जनता दरबार’ की व्यवस्था की गई थी। जनता दरबार के दौरान आम लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं को सुनने और उनके समाधान एवं निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाती रही है। आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देना तथा उनकी बात को शासन-व्यवस्था तक पहुंचाने का यह माध्यम जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर शैलेंद्र कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ बैठकर संवाद करने और जनता दरबार में शामिल होने का अवसर मेरे लिए महत्वपूर्ण रहा। जनसेवा, सुशासन और बिहार के विकास के प्रति उनके लंबे सार्वजनिक अनुभव एवं दृष्टिकोण को करीब से समझने का अवसर मिला। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनहित के विषयों पर निरंतर चिंतन और आमजन की समस्याओं को सुनने की कार्यशैली प्रेरणादायी है। उन्होंने आगे कहा कि जनता की समस्याओं को सीधे सुनना, उनकी आवाज़ को संबंधित व्यवस्था तक पहुंचाना और समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका रखता है। जनता से संवाद की यह प्रक्रिया शासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाने में सहायक होती है।
जदयू दिल्ली प्रदेश महासचिव सर्वेश कश्यप ने कहा कि बिहार के विकास, जनहित और सुशासन से जुड़े विषयों पर नीतीश कुमार के दीर्घ सार्वजनिक अनुभव के आधार पर दिल्ली जदयू इकाई भी लगातार दिल्ली में आम जन के समस्याओं को सुनने व उसके निदान को लेकर सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाते हुए जनता और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना भी प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार व दिल्ली जदयू के एक एक कार्यकर्ताओं की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक उमेश कुशवाहा, बिहार विधान पार्षद लल्लन शर्राफ, विधान पार्षद संजय गांधी, लोकप्रकाश सिंह एवं हरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।










