12 सालों में बिहार को क्या मिला? CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी को लिखा पत्र, क्या-क्या लिखा है.. देख लीजिए...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पीएम के तौर पर 12 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को पत्र लिख कर बधाई दी है।

12 सालों में बिहार को क्या मिला? CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी को लिखा पत्र, क्या-क्या लिखा है.. देख लीजिए...
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 10, 2026, 12:02:00 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पीएम के तौर पर 12 साल पूरे कर लिए। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ अब भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना दिया है। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को पत्र लिख कर बधाई दी है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के 12 साल के कार्यकाल में बिहार की तरक्की का जिक्र करते हुए केन्द्र का सहयोग और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। 

सीएम सम्राट चौधरी ने केन्द्र का सहयोग और पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।  वर्ष 2015 में बिहार के विकास के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये की पीएम पैकेज की घोषणा की गयी।  इसमें 54 हजार 7 सौ करोड़ रुपये सड़क एवं पुलों के निर्माण के लिए दिये गये थे। वर्तमान में बिहार सरकार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये है। इसमें भारत सरकार का काफी बड़ा योगदान राज्य को प्राप्त होता है।  

सम्राट चौधरी ने लिखा है कि भारत के इतिहास में बिहार को शक्ति, संस्कृति एवं शिक्षा के केन्द्र के रूप में जाना जाता रहा है। बिहार ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि है। इसी धरती पर चाणक्य ने अर्थशास्त्र की रचना की और आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार किया।  नालन्दा विश्वविद्यालय एवं विक्रमशिला विश्वविद्यालय न सिर्फ भारतवर्ष बल्कि पूरे विश्व में ज्ञान के केन्द्र रहे हैं। राजगीर में नालन्दा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना आपके मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से ही संभव हुई।  

अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा, लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी ने देश में आपातकाल लागू करने के विरूद्ध बिहार से सम्पूर्ण क्रांति का शंखनाद कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।  जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को स्थापित किया, जो आज भी बिहार की विकास यात्रा का मार्गदर्शन करते हैं. आपके नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को 'भारत रत्न' दिया जाना पिछड़ों, वंचितों और उपेक्षित वर्गों के बीच में सकारात्मक भाव पैदा करता है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधन से लगभग 75 हजार करोड़ रुपये जुटा पाती है।  शेष राशि केन्द्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी एवं सहायक अनुदान आदि से प्राप्त होता है।  हाल ही में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण, बिहार में मखाना बोर्ड का गठन, नये एयरपोर्ट का विकास आदि के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं। आपने बिहार में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों विशेषकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरूआत की है।  पटना मेट्रो का काम तेजी से जारी है। साथ ही इस वर्ष के बजट में पटना होकर जाने वाली हाई स्पीड ट्रेन की घोषणा की गयी है। 

CM ने कहा कि आपकी दूरदर्शिता के कारण ही महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत एवं किसान सम्मान निधि योजनाएं शुरू की गयीं। आयुष्मान भारत योजना से बिहार में लगभग 5 करोड़ लोग जुड़े हैं।  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से कृषि कार्य में लगे हमारे लगभग 1 करोड़ परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से राज्य के लगभग 8 करोड लोग लाभ प्राप्त कर रहे हैं। सम्राट चौधरी ने कहा, आपके दिशा-निर्देश पर राज्य के दूसरे एम्स का निर्माण दरभंगा में कराया जा रहा है।  साथ ही राज्य में 5 नये मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के निर्माण में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। 

 सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी की उपलब्धि पर लिखा है-राष्ट्र प्रथम की भावना, जनसेवा के प्रति समर्पण और सुशासन के संकल्प के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। लगातार 4,399 दिनों तक देश का नेतृत्व करते हुए वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह उपलब्धि देशवासियों के अटूट विश्वास, विकासोन्मुख नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। सेवा के 12 वर्ष, विश्वास के 4,399 दिन और राष्ट्र निर्माण का सतत अभियान।